Etah Road Accident: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में बृहस्पतिवार की सुबह बड़ी दुर्घटना की खबर आई। एटा जिले के पिलुआ थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार भोर में करीब 5:30 बजे एक कार डिवाइडर से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अब तक मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई है। इनमें दो बच्चे भी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में मृत एक युवक की शनिवार को शादी होने वाली थी। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को स्थानीय मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया है। सभी घायल और मरने वाले मैनपुरी जनपद के निवासी हैं।
शादी की खरीददारी कर लौट रहे थे घर
बृहस्पतिवार की भोर में दिल्ली से आ रही कार सुन्ना नहर पुल के पास अनियंत्रित हो गई। चालक ने संभालने की कोशिश की लेकिन तब तक कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में निवासी ब्यौती कला थाना एलाऊ मैनपुरी निवासी गुलशन, साथनी ग्राम दलीलपुर मैनपुरी के निवासी कुलदीप व एक साल की मासूम नित्या और पांच साल की आराध्या ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुलदीप का भाई रवि और उनके पुत्र आदित्य व परिवार की रंजना व सत्येंद्र, विष्णु निवासी शहजादपुर थाना ओछा मैनपुरी घायल हुए हैं। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां से दो की हालत गंभीर देख आगरा रेफर कर दिया गया। कुलदीप की शनिवार को शादी होने वाली थी।
मातम में बदली शादी की खुशियां
जानकारी के अनुसार कुलदीप की शनिवार को शादी होने वाली थी। हादसे की खबर जब उसके गांव पहुंची तो ही चीख पुकार मच गया। लोग रोने-बिलखने लगे। यह भी पता चला है कि रवि और कुलदीप सगे भाई हैं। नित्या और आराध्या रवि की ही बेटियां हैं। दिल्ली से यह सभी लोग घर आ रहे थे। वहां से खरीददारी भी करके लाए थे। मैनपुरी से कई लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं।
0 Comments