मच्छरों से बचाव में मददगार हो सकते हैं यह पौधे, घर में जरूर लगाएं
- मलेरिया-डेंगू से बचना है तो घर में जरूर रखें इन पौधों को
बस्ती। मानसून की दस्तक के साथ गर्मी से थोड़ी राहत मिल तो गई है। लेकिन उमस बढ़ गई है। यह मौसम मच्छरों की वृद्धि के लिहाज से काफी अनुकूल हो जाता है। ऐसे में मलेरिया, डेंगू समेत कई बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है। हालांकि, मच्छरों के प्रकोप से निजात पाने के लिए बाजार में कई तरह के उत्पाद मौजूद हैं, लेकिन वह थोड़ी राहत देने के साथ सेहत के लिए भी हानिकारक साबित हो सकते हैं। (Plants that Repel Bugs and Mosquitoes) ऐसे में रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग काफी बेहतर विकल्प हो सकता है। लेकिन, सुबह-शाम या दिन में मच्छरों से बचने का एक अच्छा विकल्प पौधे भी हो सकते हैं। जी हां, पौधे। प्रकृति में तमाम समस्याओं का निवारण छिपा है। हमारे आसपास कुछ ऐसे पौधे भी होते हैं, जो मच्छरों से राहत दिला सकते हैं। इन पौधों को आप अपनी बालकनी, क्यारी, आंगन में बड़ी ही आसानी से लगा सकते हैं।
पुदीने का पौधा
पुदीने के पौधे से कौन नहीं परिचित होगा। पुदीने की चटनी हो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। इसकी खुश्बू से भी मच्छर इससे दूर भागते हैं। पुदीने को भी गमले में उगाया जा सकता है। या घर की क्यारी में रोपा जा सकता है। इसके लिए मिट्टी का हमेशा नम रहना और जल निकासी बेहतर होना बेहद जरूरी है।
गेंदा फूल का पौधा
गेंदे के फूल का पौधा, देखने आकर्षक तो होता ही है। इसकी खुश्बू भी मन को प्रसन्न कर देती है। इतना ही इसमें कई ऐसे और भी गुण होते हैं, जो इसे खास बना देते हैं। गेंदे के फूल और पंखुड़ियों से एक विशेष सुगंध निकलती है, जो मच्छरों को उसके आसपास फटकने से रोकती है। यही वजह है जहां गेंदे के फूल का पौधा लगा होता है, वहां मच्छर कम दिखाई देते हैं। इसे आसानी से घर की बालकनी, आंगन या क्यारी में लगाया जा सकता है।
तुलसी का पौधा
तुलसी के पौधे की तो हर घर में पूजा ही होती है। यह यूं ही नहीं है। इसमें कई औषधीय गुण भी होते हैं। इसके पत्ते का उपयोग सर्दी-जुकाम में काढ़े के तौर पर होता है। इसके साथ ही इस पौधे में भी मच्छरों को भगाने की क्षमता होती है। दरअसल, तुलसी के पत्तों में एक तीक्ष्ण गंध होती है, जो मच्छरों और मक्खियों दोनों को दूर रखती है। इसे भी घर की बालकनी, क्यारी में लगाया जा सकता है।
सिट्रोनेला का पौधा
सिट्रोनेला पौधे की घास को घर में गमले आदि में आसानी से लगाया जा सकता है। यह पांच से छह फीट तक बढ़ सकती है। इसे गमलों में लगाकर घर की बालकनी, बरामदे में लटकाया जा सकता है। इसकी खास सुगंध से मच्छर इसके आसपास नहीं आते हैं। सिट्रोनेला के तेल का उपयोग घर की सफाई में भी किया जा सकता है। लेकिन, इस पौधे को बढ़ने के अच्छी मात्रा में धूप और पानी चाहिए होता है।
0 Comments