डिपो की सात बसें हो रहीं नीलाम, पूरी कर चुकी हैं आयु सीमा
बस्ती। डिपो की सात बसें नीलाम होने की प्रक्रिया पूरी करने गोरखपुर भेज दी गईं, जिससे बेड़े में बसों की संख्या घटकर 114 हो गई हैं। इससे यात्रियों को आने वाले त्यौहारों पर बसों की दुश्वारी झेलनी पड़ सकती है।
डिपो के बेड़े में निगम की 89 व अनुबंधित 32 समेत कुल 121 बसें थीं। जिनमें निगम की सात बसें ऐसी थीं जो या तो 15 वर्ष की आयु सीमा पूरी कर चुकी थीं या फिर दस लाख किमी का सफर तय कर चुकी थीं। इन बसों के बारे में निगम मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी गई थी। जिसकी नीलामी की प्रक्रिया पूरी करने के लिए निगम मुख्यालय ने क्षेत्रीय कार्यशाला गोरखपुर को निर्देशित किया तो निष्प्रयोज्य घोषित कर इन बसों को गोरखपुर भेज दिया गया। ताकि नीलाम होने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। डिपो के सीनियर फोरमैन राम वृक्ष ने बताया कि सात बसों को क्षेत्रीय कार्यशाला गोरखपुर को सरेंडर करवा दिया गया है।
इसे भी पढ़ें...
Pitru Paksha 2023: श्राद्ध-पिंडदान और तर्पण से प्रसन्न होते हैं पूर्वज
त्यौहारों पर यात्रियों की बढ़ेगी दुश्वारी
डिपो के बेड़े में एकाएक सात बसों की संख्या घट जाने से और तत्काल नई बसें न उपलब्ध होने से आने वाले पर्वों पर यात्रियों की दुश्वारी बढ़ जाएगी। वैसे तो रोडवेज प्रशासन इस समस्या को अनुबंधित बसों के सहारे दूर करने का दावा कर रहा है, लेकिन फिर भी अगर ऐसा नहीं हुआ तो मोहर्रम, नाग पंचमी, स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, ईद, नवरात्र व दीपावली में यात्रियों को प्राइवेट बसों व टैक्सियों का सहारा लेना पड़ सकता है। डिपो के एआरएम आयुष भटनागर ने बताया कि नीलामी के लिए भेजी गई बसें लोकल रूट पर सेवा दे रही थीं, लिहाजा इसके लिए अनुबंधित बसों को लगाया जा रहा है। यात्रियों को बस की कमी नहीं होने दी जाएगी।
0 Comments