बस्ती मिनी मैराथन अब बस्ती की पहचान बन चुका है, बस्ती के युवाओं द्वारा प्रारंभ किए गए इस कार्यक्रम को अब पूरे देश में ख्याति मिल रही है...
बस्ती। नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ (National Association Of Youth) एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आठ अक्तूबर 2023 को बस्ती मिनी मैराथन (Basti Mini Marathon 2023) का 12वां संस्करण होगा। यह जानकारी जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और आयोजक भावेष कुमार पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक एवं संयुक्त प्रेस वार्ता में दी।
पूरे देश में बस्ती की बन चुका है पहचान
जिलाधिकारी ने बताया कि बस्ती मिनी मैराथन अब बस्ती की पहचान बन चुका है, बस्ती के युवाओं द्वारा प्रारंभ किए गए इस कार्यक्रम को अब पूरे देश में ख्याति मिल रही है। प्रशासन के सहयोग और युवाओं के उत्साह से यह कार्यक्रम हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इस वर्ष इसे और वृहद और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा।
नगर पंचायतों में बस्ती प्लॉगेथॉन कार्यक्रम
डीएम ने बताया कार्यक्रम की जागरूकता एवं साथ ही साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए बस्ती जिले के कस्बों में विशेषकर सभी नगर पंचायतों में “बस्ती प्लॉगेथॉन” नाम से प्लॉगिंग कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिसके माध्यम से स्थानीय युवाओं एवं विद्यार्थियों के अंदर स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं इसमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत करने का प्रयास होगा। बस्ती मिनी मैराथन से जुड़कर सभी को स्वास्थ्य, पर्यावरण और स्वच्छता के मिशन को और भी व्यापक रूप देने के कार्य में लगना चाहिए।
कई प्रदेशों के बच्चे लेंगे हिस्सा
नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के आयोजक भावेष कुमार पांडेय ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष फिर बस्ती मिनी मैराथन दौड़ आयोजित होगी। प्रसन्नता का विषय है कि पिछले ग्यारह वर्षों से अनवरत बस्ती के लोगों, प्रशासन और युवाओं के समूह द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम का यह 12वां संस्करण होगा। 08 अक्तूबर दिन रविवार को आयोजित होने वाले इस आयोजन में कई प्रदेशों के विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। 14 वर्ष से ऊपर कोई भी इस आयोजन का हिस्सा बन सकता है, 4 सितंबर से इसके लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो होंगे। महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में समान रूप से पुरस्कार की व्यवस्था होगी।
प्रधानमंत्री कर चुके हैं कार्यक्रम की सराहना
भावेष ने बताया गत वर्षों में हुए आयोजनों को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री द्वारा बस्ती मिनी मैराथन को सराहा गया है। उन्होंने कहा कि हमें प्रसन्नता है के आज की युवा पीढ़ी द्वारा पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के सानिध्य और सामंजस्य में जीवन-यापन, यह हमारी संस्कृति विरासत के मूल में है। यह देखकर सुखद अनुभूति होती है कि पर्यावरण सुरक्षा को लेकर आज की युवा पीढ़ी भी जागरूक और गंभीर है और विभिन्न स्तरों पर प्रशंसनीय प्रयास किए जा रहे हैं।
खिलाड़ियों को जोड़ने का होगा प्रयास
कार्यक्रम के प्रचार अभियान के अंतर्गत “बस्ती प्लॉगेथॉन” कार्यक्रम चलाया जाएगा। साथ ही साथ शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के खेल मैदानों और विद्यालयों में संपर्क स्थापित किया जाएगा और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जिले और आसपास के क्षेत्रों में प्रचार अभियान के माध्यम से खिलाड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मैराथन की सफलता को इन्हें दी गई जिम्मेदारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ द्वारा सुरेन्द्र चौधरी को कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी दी गई। मुस्कान पांडेय, आशुतोष सिंह, ओमकार चौधरी, शुभम शुक्ला, हिमांशु सोनी, हेमंत पांडेय और अमित राय को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई। नवीन त्रिपाठी, राम प्रताप सिंह, सुनील यादव, काजी फरजान, अरुण पांडेय एवं रितिकेश सहाय को कार्यक्रम समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई।
प्रेस वार्ता में यह रहे मौजूद
मुख्य रूप से मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी बस्ती सदर, पुलिस उपाधीक्षक सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला युवा अधिकारी (नेहरू युवा केन्द्र), जिला पूर्ति अधिकारी, उपायुक्त वाणिज्य कर, अभिहीत अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका, समस्त नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी, सब रजिस्ट्रार बस्ती सदर, ड्रग निरीक्षक, जिला संयोजक कपींद्र मिश्र, वैभव पाण्डेय, अशोक प्रजापति, रवीश मिश्रा, हिमांशु सोनी, राहुल उपाध्याय आदि लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम विवरण
- 14 वर्ष से ऊपर महिला एवं पुरुष वर्ग में कर सकते हैं प्रतिभाग।
- एकत्रीकरण एवं दौड़ प्रारंभ करने का स्थान शास्त्री चौक, बस्ती होगा।
- कार्यक्रम में महिला पुरुष वर्ग की संयुक्त संख्या लगभग 5000 होने का अनुमान है।
- महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में समान रूप से पुरस्कार व्यवस्था।
- रात्रि विश्राम करने वाले प्रतिभागी (बाहर से आने वाले ) लगभग 400 होंगे।
- दौड़ की दूरी कुल 6.5 किलोमीटर की होगी।
- 250 से ज्यादा वालंटियर कार्यक्रम की व्यवस्था में लगेंगे।
- दौड़ शास्त्री चौक से प्रारंभ होकर गांधीनगर होते हुए रोडवेज नेहरु तिराहे से मालवीय रोड होते हुए रौता चौराहे से सुभाष चौक से न्याय मार्ग होते हुए पुनः शास्त्री चौक पर संपन्न होगी।
बस्ती प्लॉगेथॉन
बस्ती मिनी मैराथन के प्रचार प्रसार के साथ ही स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति युवाओं में जागरूकता लाने हेतु “बस्ती प्लॉगेथॉन” कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत 2 अक्तूबर से 5 अक्तूबर तक बस्ती जिले के कस्बों में और विशेषकर नगर पंचायत क्षेत्रों में प्लोग्गिंग अभियान चलाया जाएगा और सबसे अच्छे प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह अभियान बस्ती के लिए एक नया प्रयोग होगा। जिस से सीधा युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बस्ती प्लॉगेथॉन कार्यक्रम 4 फेज में चलाया जाएगा
- फेज 1: 2 अक्तूबर 2023, नगर पालिका बस्ती, नगर पंचायत गणेशपुर, नगर पंचायत नगर बाजार
- फेज 2: 3 अक्तूबर 2023, नगर पंचायत कप्तानगंज, नगर पंचायत हर्रैया, नगर पंचायत बभनान
- फेज 3: 4 अक्तूबर 2023, नगर पंचायत रुधौली, नगर पंचायत भानपुर
- फेज 4: 5 अक्तूबर 2023, नगर पंचायत मुंडेरवा, नगर पंचायत बनकटी, नगर पंचायत गायघाट
0 Comments