Comments

6/recent/ticker-posts

Loksabha Election 2024: युवा मतदाताओं संग पूरे वोट बैंक को सहेजेगा वोटर चेतना महाभियान


बस्ती (यूपी)।
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए युवा मतदाताओं और समूचे वोट बैंक को सहेजने के लिए भाजपा 29 अक्टूबर 2023 से वोटर चेतना महाभियान चलाएगी। इसका उद्देश्य लोकसभा चुनाव की रणनीति को सशक्त बनाना और मतदाताओं को पार्टी से जोड़े रखना है। इसका शुभारंभ रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम से होगा।

भाजपा कार्यालय पर अभियान से जुड़े सभी प्रभारी व संयोजकों ने महाभियान के क्रियान्वयन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय, सांसद हरीश द्विवेदी एवं संजय चौधरी ने पदाधिकारियों को अभियान के उद्देश्य और इसके विभिन्न  पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया। वोटर चेतना महाअभियान के संयोजक कुंवर आनंद सिंह, मन की बात के संयोजक अमृत कुमार वर्मा, अनुसूचित वर्ग सम्मेलन के संयोजक अभिषेक कुमार एवं सतेंद्र सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय ने कहा कि राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी वोटर बनाना और मतदाताओं को प्रभावित करना है। बीजेपी के वोट बैंक को बनाए रखने का दायित्व हम सभी का है। आगामी दिनों में विधानसभा, मंडल शक्ति केन्द्र एवं बूथ स्तर पर जिले से पांच कार्यकर्ताओं को संयोजक और सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी टोली घर-घर जाकर आम जनता से संपर्क कर नए मतदाता बनाने का काम करेगी। प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का आयोजन सभी बूथों पर अनिवार्य रूप से होना है।

सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा आगामी चुनावों में आम जनता का दिल जीतने के साथ बीच बीजेपी कार्यकर्ताओं का काम पार्टी की जीत सुनिश्चित करना भी है। कहा कि वोटर चेतना महाअभियान समिति घर-घर जाकर 1 जनवरी 2024 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले मतदाताओं का पहचान पत्र बनाकर वोटर लिस्ट में शामिल कराएगी। जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विधानसभावार लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पदाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का सहयोग ले सकते हैं।

इस मौके पर ब्लाक प्रमुख यशकांत सिंह, अनिल दुबे, श्रीश पाण्डेय, भानु प्रकाश मिश्र, रोली सिंह, सुनील कुमार, विद्यामनी सिंह, दिलीप पाण्डेय, अमरेश पाण्डेय, धर्मेन्द्र जायसवाल, सुरेन्द्र सिंह, मोहन गुप्ता, विजय तिवारी, राकेश उपाध्याय, सुनील तिवारी, अजय पाण्डेय, प्रेम प्रकाश चौधरी, अमित गुप्ता, दिलीप शर्मा, दीपक सोनी सहित अभियानों से जुड़े सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments