![]() |
यूपी के इस जिले के बाढ़ प्रभावित 105 गांवों की निगरानी के लिए डीएम ने अफसरों को सौंपी जिम्मेदारी |
Basti News || बाढ़ से प्रभावित होने वाले जनपद के 105 गांवों की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को जिलाधिकारी अंद्रा वामसी ने निर्देशित किया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि बैराज से छोड़े जाने वाले पानी के समय सतर्क निगाह रखें।
डीएम ने बाढ़ प्रभावित गांव के अवर अभियन्ता, बाढ़ सुरक्षा समितियों, बाढ़ नियंत्रण कक्ष, बाढ़ चौकी से संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ उप जिलाधिकारी सदर, हर्रैया एवं अधिशासी अभियन्ता बाढ़ को निर्देशित किया है कि एक सप्ताह के भीतर बैठक, मीटिंग कर लें, जिससे बाढ़ से संबंधित समस्त व्यवस्था ससमय पूर्ण किया जा सके।
इसे भी पढ़ें...
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ क्षेत्र से प्रभावित होने वाले शेल्टर होम को अलग शिफ्ट किया जाए तथा राशन की व्यवस्था कर ली जाए। इसके साथ ही गांव में नाव व गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। अधिशासी अभियन्ता बाढ़ दिनेश कुमार ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नम्बर 05542-205228 एवं मोबाइल नं. 9473657098 है, जो 15 जून से बाढ़ अवधि तक सक्रिय रहेगा। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर शत्रुध्न पाठक, हर्रैया विनोद पाण्डेय, अधिशासी अभियन्ता बाढ़ दिनेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी भानुभाष्कर, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा. राजेश कुमार त्रिपाठी तथा विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
0 Comments