![]() |
महिला सुरक्षा, बच्चों के सुनहरे भविष्य और विकास पर केंद्रित रही मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक || जानिए बैठक से जुड़ी खास बातें |
Up Cm Yogi Adityanath In Basti || उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बस्ती में हुई समीक्षा बैठक महिला सुरक्षा, बच्चों के सुनहरे भविष्य और विकास पर केंद्रित रही। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में साफ कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर कोई कोताही न बरती जाए। भीड़भाड़ वाले स्थान पर सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। परिषदीय स्कूलों में दाखिला लेने वाले बच्चों को समय से यूनिफॉर्म और किताबें उपलब्ध करा दी जाएं और विकास से संबंधी योजनाओं को तय समय के भीतर पूरा किया जाए। बस्ती में समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कमिश्नर कार्यालय में पारिजात का पौधा भी लगाया।
स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति ससमय हो
मुख्यमंत्री ने परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को लेकर स्कूल चलो अभियान की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारियों को यह निर्देश दिया कि बच्चों का स्कूलों में ससमय नामांकन कराना सुनिश्चित करें। यह भी निर्देश दिया कि स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति ससमय सुनिश्चित कराई जाए। इसके लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परिषदीय स्कूलों का औचक निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया। यह भी कहा कि बच्चों को यूनिफॉर्म और काफी किताब समय से उपलब्ध करा दी जाए।
यह अधिकारी बैठक में रहे मौजूद
बैठक में जनपद के प्रभारी मंत्री राकेश सचान, सांसद सिद्धार्थनगर जगदम्बिका पाल व सांसद संतकबीरनगर लक्ष्मी कांत निषाद, विधायक हर्रैया अजय सिंह, महादेवा विधायक दूधराम, सदर विधायक महेन्द्र नाथ यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष बस्ती संजय चौधरी, जिलाध्यक्ष भाजपा विवेकानन्द मिश्र, कमिश्नर अखिलेश सिंह, आईजी आरके भारद्वाज, जिलाधिकारी बस्ती रवीश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक बस्ती गोपाल कृष्ण चौधरी, सीडीओ बस्ती जयदेव सीएस व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी निर्देश दिए मुख्यमंत्री ने:-
- स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखें। अस्पतालों में साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें।
- अगर अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी है तो स्थानीय स्तर पर जिलाधिकारी के जरिए योग्य चिकित्सकों की तैनाती की जाए।
- बाढ़ के मद्देनजर जिले के सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील तटबंधों की नियमित निगरानी की जाए।
- राहत सामग्री वितरण में जनप्रतिनिधियों के सहयोग लिया जाए।
- सर्पदंश के मामले में पीड़ित को तत्काल उपचार दिया जाए।
- पर्यावरण संरक्षण के लिए जिलों में वृहद स्तर पर लक्ष्य के अनुसार पौधरोपण किया जाए।
- मोहर्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम उठाए जाएं।
- कांवड़ यात्रा में डीजे की ऊंचाई मानक के अनुसार हो।
- अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। पीड़ित का एफआईआर दर्ज करते हुए त्वरित कार्यवाही करें।
- भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।
- पात्र उद्यमियों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल ऋण दिया जाए।
- सड़क के किनारे खोदे गए गड्ढों को तत्काल भरवा दिया जाए।
- सड़कों से अतिक्रमण और अवैध टैक्सी स्टैंड को हटवाने की कार्रवाई की जाए।
- जनप्रतिनिधियों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका निस्तारण किया जाए।
- जनता दर्शन में लोगों की समस्याओं को सुना जाए। अगर कोई अधिकारी बाहर है तो उनकी जगह पर दूसरे अधिकारी को नामित किया जाए।
0 Comments