![]() |
चूहे, छछुंदर और मच्छर भगाने का यह तरीका नहीं जानते होंगे आप || बस्ती के कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया है यह तरीका |
Basti News || अगर आपके खेत में चूहा और छछूंदर लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं और उन्हें भगाने के तमाम तरीके अपनाने के बाद भी आप हताश और निराश हैं, तो बस्ती के कृषि रक्षा अधिकारी की ओर से दिए गए टिप्स पर आपको गौर करना चाहिए। उन्होंने खेतों से चूहे और छछूंदर भगाने का ऐसा नायाब तरीका बताया है कि आप सुनकर आश्चर्यचकित रह जाएंगे। उनका कहना है कि इस तरीके से चूहे और छछूंदर को भगाने के बाद लंबे समय तक खेतों में चूहा और छछुंदर बिल नहीं बनाते हैं। और फसल की भी पूरी रक्षा होती है।
बस्ती में चल रहा है चूहा एवं छछूंदर नियंत्रण अभियान
बता दें कि उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में जेई एईएस रोग की रोकथाम के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा शुरू किया गया है। इसी के तहत चूहा एवं से छछुंदर नियंत्रण अभियान भी 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इसकी जानकारी कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा की ओर से दी गई है। उन्होंने बताया कि किसानों की ओर से खेत और फसल के क्षेत्र में एक सप्ताह तक चूहा और छछुंदर नियंत्रण का कार्यक्रम चला कर इन पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने हर दिन के लिए अलग तरीके बताएं हैं। जिन पर आपको चरणवार अमल करना होगा।
यह है पूरे एक सप्ताह का कार्यक्रम
कृषि रक्षा अधिकारी की ओर से बताया गया कि पहले दिन खेत या फसल क्षेत्र का भ्रमण कर लेना है। दूसरे दिन निरीक्षण कर खेत या फसल क्षेत्र में जो भी बिल दिखें उन्हें बंद कर दें और वहां एक झंडा लगा दें। इसके बाद तीसरे दिन फिर वहां का निरीक्षण करें। जो बिल बंद हों, वहां से झंडा हटा लें। जबकि जहां पर बिल खुले हों वहां पर झंडा लगा रहने दें। अब जो बिल खुल गए हैं, उसमें एक भाग सरसों का तेल और 48 भाग भुना हुआ चना, गेहूं या चावल आदि से बने चारे को बिना कोई कीटनाशक मिलाए बिल में डाल दें। चौथे दिन बिलों का फिर से निरीक्षण करें। बिना कीटनाशक मिला चारा फिर से रखें। अब बात पांचवें दिन की। पांचवें दिन जिंक फास्फाइड 80% की कम से कम 1 ग्राम मात्रा को 1 ग्राम सरसों के तेल व 48 भाग भुना हुआ चना, गेहूं या चावल में मिलाकर बिलों में डाल दें। छठवें दिन खेत या फसल क्षेत्र में जाकर देखेंगे तो चूहे और छछुंदर मर गए होंगे। इन्हें जमीन में गाड़ दें। अगर अगले दिन फिर से चूहे या छछुंदर दिखते हैं तो पुनः इस प्रक्रिया को दोहराएं।
इसे भी पढ़ें...
मच्छरों के भगाने के भी बताए टिप्स
बारिश का दौरा थम गया है और इसी के साथ मच्छरों का प्रकोप भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। इन मच्छरों की वजह से जेई, एईएस से लेकर डेंगू, मलेरिया तक की कई बीमारियां हो सकती हैं। क्योंकि विभिन्न प्रकार के मच्छर अलग-अलग रोगों के वाहक भी होते हैं। ऐसे में मच्छरों को भगाने के लिए भी कुछ बेहद आसान उपाय किए जा सकते हैं। कृषि रक्षा अधिकारी की ओर से बताया गया कि मच्छरों को भगाने के लिए घर में गुलदाउदी, गेंदा, रोजमैरी, सिट्रोनेला, लैवेंडर, तुलसी या जिरैनियम आदि के पौधे को लगाएं। कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि इन पौधों की ओर से ऐसे रासायनिक तत्व वातावरण में छोड़े जाते हैं, जिससे मच्छरों की प्रजनन क्षमता ही समाप्त हो जाती है। इससे मच्छरों की तादाद बढ़ने की संभावना भी लगातार कम होती रहती है। यह उपाय करने में कोई विशेष खर्चा भी नहीं आता है।
0 Comments