वन महोत्सव पर बस्ती जिले में रोपे जाएंगे 25 लाख पौधे
बस्ती। वर्ष 2023-24 में जनपद में 25.58 लाख पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए 26 विभागों को लक्ष्य का आवंटन किया गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में एक से सात जुलाई तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव की तैयारी की सीडीओ डा. राजेश कुमार प्रजापति ने समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समय से स्थल चयन करते हुए गड्ढा खोदवाना सुनिश्चित करें। साथ ही नर्सरियों से सम्पर्क करके फलदार एवं छायादार पौधे प्राप्त करें।
सीडीओ ने बताया कि पर्यावरण विभाग 141000, ग्राम्य विकास 1505000, राजस्व 125000, पंचायतीराज 152000, कृषि 293000, उद्यान 185000 का सर्वाधिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार रेलवे 10000, उद्योग 12000, नगर विकास 17000, रेशम 22000, पशुपालन 6000, बेसिक शिक्षा 15000, माध्यमिक शिक्षा 9000, उच्च शिक्षा 14000, प्राविधिक शिक्षा 4000, गृह 4000 तथा स्वास्थ्य विभाग 18000 पौधरोपण कराएंगे। कहा कि एक से सात जुलाई तक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्कूलों एवं कालेज में वाद-विवाद, भाषा एवं चित्र प्रतियोगिता के साथ प्रभात फेरी एंव रैली का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक पौधे की आनलाईन फीडिंग कराई जाएंगी तथा जीओ टैगिंग कराई जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम-1 बनेगा। इसके लिए अलग से भूमि चिन्हित कर ली जाए। कहा कि मनोरमा नदी के किनारे, प्रत्येक गोशाला में भी पौधरोपण कराया जाए।
डीएफओ नवीन कुमार शाक्य ने बताया कि वन विभाग की नर्सरियों में लगभग 60 लाख पौधे उपलब्ध हैं। कोई भी व्यक्ति मनपसंद फलदार एवं छायादार वृक्ष लेकर रोपित कर सकता है। बैठक में उप निदेशक कृषि अनिल कुमार, बीएसए डा. इन्द्रजीत प्रजापति, डीआईओएस डी.एस. यादव, लीड बैंक मैनेजर आरएन मौर्या, संदीप वर्मा, मनीष कुमार सिंह तथा विभागीय अधिकरी उपस्थित रहे।
0 Comments