![]() |
यूपी में बदला मौसम || बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल तक बादलों की आवाजाही शुरू || कुछ इलाकों में हुई बूंदाबांदी |
UP Monsoon update 2024 || UP Rain Alert || उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद अब बढ़ने लगी है। मंगलवार को जहां बुंदेलखंड के कुछ इलाकों में आंधी तूफान का असर देखने को मिला। वहीं, सुबह होते-होते पूर्वांचल के भी कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही तेज हो गई है। पूर्वांचल के बस्ती जिले में 19 जून 2024 को सुबह के समय हल्की बूंदाबादी भी हुई। घने बादल भी छाए रहे, लेकिन सुबह 8 बजे के बाद आसमान साफ हो गया। तेज धूप खिल गई। इसकी वजह से एक बार फिर गर्मी महसूस होने लगी। बूंदाबादी होने की वजह से उमस भी बढ़ने लगी है।
तापमान में गिरावट, लेकिन उमस करेगी बेहाल
उत्तर प्रदेश में अभी भी लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं। आसमान की ओर टकटकी लगाकर बादलों के आने-जाने पर नजर गड़ाए हुए हैं कि कब मानसून उनके इलाके में बरसेगा। हालांकि मौसम विभाग की ओर से उम्मीद कई दिनों से यह जताई जा रही है कि 19 से 20 जून तक मानसून गोरखपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। 19 जून की सुबह मौसम में आए बदलाव से यह उम्मीद थोड़ी बहुत पुख्ता भी हुई कि मानसून समय से उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। मानसून लेट लतीफ हुआ तो भी प्री मानसून बारिश के फुहारों से गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें...
तेजी से बन रही प्री मानसून वर्षा की संभावना
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अगले तीन-चार दिनों के भीतर प्री मानसून वर्षा हो सकती है। ऐसे में 20-21 जून तक उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में प्री मानसून बारिश की उम्मीद बढ़ गई है। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि दक्षिण पश्चिमी हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश और समीपवर्ती राज्यों के अलावा पूर्वांचल व दिल्ली में भी प्री मानसून वर्षा हो सकती है। प्री मानसून वर्षा होने के साथ ही तापमान में गिरावट आने की उम्मीद भी रहेगी। क्योंकि मौजूदा समय में दिन में तापमान औसतन 40 से 42 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। रात में भी हवाएं गर्म लग रही हैं। इस वजह से आम जनजीवन बेहाल है।
हीटवेव से राहत कब मिलेगी
भारतीय मौसम विभाग की ओर से यह आशंका जताई गई है कि दक्षिण पश्चिमी हवाओं का जोर उत्तर प्रदेश में देखने को मिलने लगा है। झांसी, ललितपुर, महोबा आदि जिलों में मंगलवार शाम को अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। इसकी वजह से वहां आंधी तूफान के साथ बिजली कड़कने की भी स्थिति बनी। वहीं अब यह विक्षोभ अन्य राज्यों का रूख कर सकता है। माना यह भी जा रहा है कि अब मानसून आने के लिए उत्तर प्रदेश में हालात अनुकूल होने लगे हैं। उत्तर प्रदेश से मानसून सक्रिय हुआ, तो आने वाले तीन-चार दिनों में हीटवेव से काफी हद तक राहत मिल जाएगी। हालांकि इस समय उमस बढ़ने से लोगों को गर्मी और भी ज्यादा परेशान करेगी। तब कूलर, पंखे, एसी सब बेअसर हो जाएंगे।
हमारे व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए इस पर क्लिक करें
यूपी के बस्ती जिले में हुई बूंदाबांदी
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में 19 जून 2024 की सुबह अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। बादलों की आवाजाही रात 10 से 11 बजे के बीच से ही शुरू हो गई थी, लेकिन सुबह 5 से 6 बजे के बीच में अचानक आसमान में बदल घिर गए और बूंदाबादी शुरू हो गई। हालांकि बूंदाबादी सिर्फ इतनी ही हुई की जमीन भीग गई। कुछ देर ठंडी हवाएं भी चलीं, लेकिन 7:30 से लेकर 8:00 बजे के बाद आसमान में बादल छंटने लगे और फिर से धूप खिल गई। इस वजह से थोड़ी बहुत गर्मी से राहत तो मिली। तापमान में भी दो-तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बता दें की बस्ती जिले में इन दिनों तापमान दिन के समय में 42 से 44 डिग्री के आसपास तक चला जा रहा है। इस वजह से लोग गर्मी से बेहाल हैं। ऐसे में सुबह के समय करीब 9 बजे तापमान 35 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जो थोड़ी राहत देने वाली खबर है।
0 Comments