![]() |
Kakori Train Action || काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायकों को नमन || कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शहीदों के स्वजनों को किया सम्मानित |
Basti News || उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में काकोरी ट्रेन एक्शन की 100वीं वर्षगांठ पर स्वतंत्रता आंदोलन के वीर शहीदों को नमन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की मौजूदगी में बस्ती ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने काकोरी ट्रेन एक्शन के वीर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण करने के साथ शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कार्यक्रम का शुभारंभ 100 तिरंगा गुब्बारा उड़ाकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कैबिनेट मंत्री ने बाइक रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
9 अगस्त 1925 को हुआ था काकोरी ट्रेन एक्शन
स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में काकोरी ट्रेन एक्शन की घटना 9 अगस्त 1925 को हुई थी। इसकी अगवाई अशफ़ाक उल्ला खान, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल और ठाकुर रोशन सिंह ने की थी। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि ब्रिटिश सरकार की ओर से इस घटना के बाद इन वीर शहीदों को फांसी की सजा दी गई थी। देश के स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले काकोरी रेल एक्शन के महानायकों को पूरा देश उनकी शहादत और बलिदान के लिए शत-शत नमन करता है। कैबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में ज्ञात अज्ञात शहीदों ने अपना जीवन कुर्बान किया। उन सभी को नमन है। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर बस्ती ऑडिटोरियम परिसर में पौधरोपण भी किया।
बस्ती के हर्रैया का स्वतंत्रता आंदोलन से पुराना नाता
हरैया विधायक अजय सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन के वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि बस्ती के अमोढ़ा कस्बे का स्वतंत्रता आंदोलन से पुराना नाता है। यहां के वीर जवानों ने स्वतंत्रता आंदोलन में ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिलाकर रख दी थी। वीर जवानों को नमन करते हुए विधायक अजय सिंह ने कहा कि जब देश की बात आए, तो हम सभी को एकजुटता का परिचय देना चाहिए। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने भी वीर शहीदों को नमन किया। कहां कि स्वतंत्रता आंदोलन के वीर शहीदों को नमन करने के लिए हर घर तिरंगा हर्षोल्लास के साथ मनाएं। स्वतंत्रता दिवस के दिन अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं।
वर्ष पर्यंत संचालित होंगे कार्यक्रम: डीएम
बस्ती के जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी का जश्न और हर घर तिरंगा के अवसर पर सरकार के निर्देश के मुताबिक पूरे वर्ष कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इस मौके पर बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज व जीजीआईसी कि छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, महादेवा, विधायक दूधराम, हरीश पाल, सीडीओ जयदेव सीएस, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, डीडीओ अजय सिंह, डीएफओ जयप्रकाश, एसडीएम सदर शत्रुघ्न पाठक, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीपीआरओ रतन कुमार, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, पूर्व विधायक राम ललित समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राज मंगल चौधरी व शिक्षिका मानवी सिंह के द्वारा किया गया।
0 Comments