Comments

6/recent/ticker-posts

बस्ती समेत उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में योगी सरकार कराएगी कुंभ समिट

 

yogi-government-organize-kumbh-summit-all-18-divisions-uttar-pradesh-including-basti-mandal
बस्ती समेत उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में योगी सरकार कराएगी कुंभ समिट

Lucknow News || महाकुंभ 2025 के आयोजन को लेकर अब कुछ ही महीने का वक्त बचा है। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ 2025 को लेकर बड़ी पहल की है। इसके तहत उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में कुंभ समिट करने जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कुंभ समिट का आयोजन उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में किया जाएगा। इसका शुभारंभ 8 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से होने जा रहा है। जबकि कुंभ समिट का समापन आगामी 14 दिसंबर को कुंभ नगरी प्रयागराज में किया जाएगा। इस समिट के जरिए उत्तर प्रदेश के कलाकारों के संग स्कूली छात्र-छात्राओं को भी महाकुंभ 2025 से जुड़ने का अप्रतिम अवसर प्राप्त होगा।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना करेंगे कुंभ अभिनंदन रोड शो का शुभारंभ

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की ओर से बताया गया कि इस दौरान कुंभ अभिनंदन रोड शो, बाल युवा कुंभ, कला संस्कृति कुंभ, कवि कुंभ, भक्ति कुंभ जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाने वाला है। 8 अक्टूबर के दिन शाम 4 बजे जीपीओ पार्क से इसका आगाज होगा। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की ओर से कुंभ अभिनंदन रोड शो का शुभारंभ किया जाएगा। रोड शो जीपीओ पार्क से शुरू होकर सिकंदरबाग मार्ग होते हुए गोमती तट तक निकाला जाएगा। शाम 6 बजे मरीन ड्राइव निकट 1090 चौक पर इसका समापन होगा। इसके तहत राजधानी लखनऊ में 9 अक्टूबर को भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कई तरह की होंगी प्रतियोगिताएं

मंडल स्तर पर कुंभ समिट को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिम्मेदारी सौंप दी गई है। फोटोग्राफी व चित्रकला प्रतियोगिता का जिम्मा उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी को सौंपा गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी की ओर से उप शास्त्रीय व शास्त्रीय गायन, वादन व नृत्य की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। आध्यात्मिक व सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग, उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार व उत्तर प्रदेश संग्रहालय निदेशालय की ओर से कराई जाएगी। इसके अलावा नाट्य प्रतियोगिता का आयोजन भारतेंदु नृत्य अकादमी की ओर से किया जाएगा। वहीं, उत्तर प्रदेश लोक व जनजाति संस्कृति संस्थान की ओर से रंगोली व लोक कला आदि की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। पर्यटन, धर्मार्थ कार्य सूचना एवं जनसंपर्क की ओर से कुंभ से जुड़ी विशिष्ट प्रदर्शनी व टूर शो का आयोजन किया जाएगा। जबकि पुरातत्व निदेशालय की ओर से सांस्कृतिक आध्यात्मिक धरोहर व कुंभ के परंपरा आदि के महत्व पर आधारित ओपन क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन कराया जाएगा।

12600 कलाकारों ने कराया ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

उत्तर प्रदेश में कुंभ समिट के लिए अभी तक 12600 कलाकारों ने ऑनलाइन पंजीकरण कर लिया है। आयोजन में इनकी भी सहभागिता रहेगी। वहीं, संस्कृति मंत्री की ओर से बताया गया कि इसमें प्रदेश के विश्वविद्यालय, डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज अन्य शैक्षणिक संस्थाओं के जरिए स्कूली छात्र-छात्राओं को कुंभ के आदर्शो व परंपराओं से जोड़ने के लिए माध्यमिक व उच्च शिक्षा विभाग से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

यहां होंगे मंडल स्तरीय कुंभ समिट 2025

लखनऊ मंडल : 8-9 अक्टूबर, मरीन ड्राइव व 1090 चौराहा

झांसी मंडल : 11-12 अक्टूबर, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय

वाराणसी मंडल : 14-15 अक्टूबर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय

चित्रकूट मंडल : 17-18 अक्टूबर, श्रीरामभद्राचार्य विश्वविद्यालय

कानपुर मंडल : 21-22 अक्टूबर, छत्रपति साहू जी महाराज विश्विद्यालय

अयोध्या मंडल : 24-25 अक्टूबर, राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय

मेरठ मंडल : 5 व 6 नवंबर, स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय

अलीगढ़ मंडल : 8-9 नवंबर, मंगलायतन विश्वविद्यालय

आगरा मंडल : 11-12 नवंबर, दयालबाग इंस्टीट्यूट

गोरखपुर मंडल : 14-15 नवंबर, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय

आजमगढ़ मंडल : 18-19 नवंबर, दुर्गा जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय

सहारनपुर मंडल : 21-22 नवंबर, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय

मुरादाबाद मंडल : 25-26 नवंबर, तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय

बरेली मंडल : 28-29 नवंबर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय

मीरजापुर मंडल : 2-3 दिसंबर, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र

देवीपाटन मंडल : 5-6 दिसंबर, आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल

बस्ती मंडल : 9-10 दिसंबर, संत कबीर अकादमी मगहर, संतकबीर नगर

प्रयागराज मंडल : 13-14 दिसंबर, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज

कुंभ समिट के लिए यह बनाए गए समन्वयक

लखनऊ मंडल: संस्कृति निदेशालय के सहायक निदेशक डॉ. राजेश अहिरवार

झांसी मंडल : उप्र लोक व जनजाति संस्कृति संस्थान के निदेशक अतुल द्विवेदी

वाराणसी मंडल : उप्र संगीत नाटक अकादमी के निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर

चित्रकूट मंडल : सहायक निदेशक (विधि) संस्कृति निदेशालय तुहिन द्विवेदी

गोरखपुर व कानपुर मंडल : उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी की निदेशक डॉ. श्रद्धा शुक्ला

अयोध्या मंडल : संस्कृति निदेशालय के कार्यक्रम अधिशासी कमलेश कुमार पाठक

मीरजापुर, देवीपाटन व मेरठ मंडल : डॉ. राकेश सिंह

सहारनपुर व अलीगढ़ : डॉ. शोभित नाहर

बस्ती, बरेली व आगरा मंडल : अतुल द्विवेदी

गोरखपुर मंडल : उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी की निदेशक डॉ. श्रद्धा शुक्ला

मुरादाबाद व आजमगढ़ मंडल : भारतेंदु नाट्य अकादमी के निदेशक विपिन कुमार

प्रयागराज मंडल : डॉ. राजेश अहिरवार, अतुल द्विवेदी व क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी सुभाष चंद्र यादव

Post a Comment

0 Comments