Comments

6/recent/ticker-posts

Sahara Group के अध्यक्ष सुब्रत रॉय का निधन, अद्भुत है शून्य से शिखर तक का सफर

Sahara Group के अध्यक्ष सुब्रत रॉय का निधन, अद्भुत है शून्य से शिखर तक का सफर

बस्ती (यूपी)। सहारा समूह के मैनेजिंग वर्कर व चेयरमैन सुब्रत रॉय सहारा का मंगलवार की देर रात मुंबई में निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। दो माह से वह मुंबई में ही थे। वह अपने पीछे पत्नी स्वप्ना रॉय, दो बेटे सुशांतो व सीमांतो को छोड़ गए हैं। सुब्रत रॉय ने कारोबार का ककहरा उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल के गोरखपुर जिले की गलियों में सीखा और शून्य से शिखर तक का सफर तय करते हुए वह एक समय भारतीय रेल का बाद देश मे सबसे ज्यादा लोगों को रोजगार देने वाले शख्स बन गए थे। वह भारत के प्रमुख कारोबारी और सहारा इंडिया परिवार के संस्थापक थे। 

बिहार के अररिया जिले में 10 जून 1948 को हुआ था जन्म

दुनिया के अमीरों में शुमार रहे सुब्रत रॉय सहारा का जन्म 10 जून 1948 को बिहार के अररिया जिले में हुआ था। सुब्रत रॉय ने कोलकाता के होली चाइल्ड स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। इसके बाद वह गोरखपुर आ गए। यहां उन्होंने राजकीय तकनीकी संस्थान गोरखपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा की डिग्री हासिल की। वह सहाराश्री के नाम से भी जाने जाते थे। वर्ष 1978 में गोरखपुर से अपना व्यवसाय शुरू किया। वर्ष 2004 में टाइम पत्रिका (अंग्रेजी) की ओर से उन्हें “भारतीय रेलवे के बाद भारत में दूसरा सबसे बड़ा नियोक्ता” के रूप में नामांकित किया गया था।

अद्भुत है शून्य से शिखर तक का सहारा सफर

सुब्रत रॉय सहारा अस्सी के दशक में जिस लम्ब्रेटा स्कूटर से गोरखपुर की गलियों में नमकीन व पंखा आदि बेचा करते थे। वह स्कूटर आज भी सहारा शहर की एग्जिबिशन गैलरी में खड़ी है। यहां के गलियारे में उनकी पुरानी स्कूटर और मुस्कराती हुई तस्वीरें आज भी लोगों को प्रेरित करती है। गोरखपुर में पढ़ाई के बाद साल 1978 में माइक्रो फाइनेंस का कारोबार शुरू किया। सहारा समूह छोटे निवेशकों की कमाई को जमा करने और उनको लुभावने ब्याज पर रकम वापस करने वाला बड़ा ग्रुप बन गया। सहारा समूह ने रियल एस्टेट, इलेक्ट्रिक वाहन, इंश्योरेंस, मीडिया आदि सेक्टर में भी कदम रखा और सफलता के नए आयाम गढ़े। सहारा समूह के पास लखनऊ, गोरखपुर, मुंबई में तमाम बेशकीमती संपत्तियां हैं, जिसमें एंबी वैली प्रमुख है।

गुरुवार को होगा अंतिम संस्कार

सहारा समूह की ओर से बताया गया है कि सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर विशेष विमान से करीब साढ़े तीन बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेगा। शाम पांच बजे के आसपास पार्थिव शरीर गोमती नगर स्थित सहारा सिटी में लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा। गुरुवार को गोमती नगर के बैकुंठ धाम में सहारा श्री का अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

Post a Comment

0 Comments